
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी धनतेरस के अवसर पर लाडवा विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। यहां आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्रवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडवा उनके लिए केवल एक राजनीतिक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका अपना घर और परिवार है। यहां के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लाडवा के विकास की रफ्तार कभी रुकने नहीं देंगे।
63 गांवों को 13.23 करोड़ की सौगात
मुख्यमंत्री ने लाडवा विधानसभा क्षेत्र के 63 गांवों के विकास के लिए 13 करोड़ 23 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके तहत प्रत्येक गांव को 21-21 लाख रुपए की राशि मिलेगी। इस रकम से गांवों में जरूरी विकास कार्य कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
4470 करोड़ रुपए किए हस्तांतरित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर के लाखों परिवारों, पंचायती राज संस्थाओं और नगरपालिकाओं के खातों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 4470 करोड़ 77 लाख रुपए की राशि हस्तांतरित की। इसमें पंचायतों के विकास के लिए 1158 करोड़ रुपए और स्थानीय निकायों के लिए 1727.80 करोड़ रुपए की किस्त शामिल है।
तीन गौशालाओं को 34.53 लाख की मदद
गोवंश संरक्षण और गौसेवा को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की तीन प्रमुख गौशालाओं को कुल 34.53 लाख रुपए के वित्तीय चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय का विशेष महत्व है और गौशालाओं को सहयोग देना सामाजिक जिम्मेदारी भी है।
हरियाणा की हीरक जयंती पर विकास का संकल्प
मुख्यमंत्री ने हरियाणा के 60 वर्ष पूरे होने पर राज्य की हीरक जयंती का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार इस अवसर को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि विकास के संकल्प वर्ष के रूप में मनाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि त्योहारों की असली खुशी तभी है, जब समाज के जरूरतमंद लोगों के जीवन में भी खुशियां आएं।



