
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने मतदाता सूची को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने और नए वोटर बनाने के लिए पार्टी एक महीने का विशेष अभियान चलाने जा रही है। इसे ‘मतदाता जोड़ो अभियान-2026’ नाम दिया गया है, जो 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगा। बीजेपी ने प्रदेश के सभी 1 लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों पर 50-50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इस तरह पार्टी करीब 86 लाख 86 हजार 500 नए मतदाताओं को जोड़ने की तैयारी में है।
लखनऊ की बैठक में बनी रणनीति, योगी समेत बड़े नेता रहे मौजूद
शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बीजेपी की प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में सभी जिलाध्यक्षों और संगठन के पदाधिकारियों को अभियान की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में दावा किया था कि करीब 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम पंचायत की मतदाता सूची में हैं, लेकिन विधानसभा की वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं हैं। बीजेपी अब पंचायत सूची, राशन कार्ड और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से जुड़ी उपलब्ध जानकारियों के जरिए ऐसे लोगों की पहचान करेगी। पार्टी का उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के साथ नए युवा वोटरों को भी सूची में शामिल कराना है।
17 नवंबर से बूथ स्तर तक अभियान, 8 श्रेणियों पर रहेगा फोकस
बीजेपी ने अभियान को कई चरणों में बांटा है। 16 से 18 नवंबर तक जिला स्तर पर बैठकें होंगी, जबकि 19 से 21 नवंबर तक विधानसभा स्तर पर रणनीति तैयार की जाएगी। इसके बाद 22, 23 और 24 नवंबर को बूथ स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच करेंगे और पात्र लोगों को नाम जुड़वाने की प्रक्रिया समझाएंगे।
अभियान में आठ श्रेणियों के लोगों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें नए युवा मतदाता, शादी के बाद दूसरी जगह आई महिलाएं, पंचायत सूची में शामिल लेकिन विधानसभा सूची से छूटे लोग, सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, राशन कार्ड धारक और काम के सिलसिले में अस्थायी रूप से बाहर रहने वाले लोग शामिल हैं। इसके अलावा पंचायत सहायकों की मदद और कमल साथी ऐप के जरिए भी उपलब्ध सूचनाओं का इस्तेमाल किया जाएगा।
महिलाओं और युवाओं के लिए अलग अभियान, फॉर्म-6 से जुड़ेंगे नए वोटर
महिला मतदाताओं को जोड़ने के लिए 28 से 30 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। महिला मोर्चा इसकी जिम्मेदारी संभालेगा। इसमें शादी के बाद ससुराल आई महिलाओं और सामूहिक विवाह योजना की लाभार्थियों पर खास ध्यान रहेगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं और स्वयं सहायता समूहों से भी सहयोग लेने की योजना है। वहीं, 1 से 3 दिसंबर तक युवा मोर्चा के नेतृत्व में युवा मतदाता जोड़ो अभियान चलेगा। इसमें 18 से 25 साल के युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में कैंप लगाए जाएंगे। नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और पता या व्यक्तिगत जानकारी में बदलाव के लिए फॉर्म-8 की प्रक्रिया समझाई जाएगी। हालांकि, सभी आवेदन निर्वाचन आयोग के नियमों और सत्यापन के आधार पर ही स्वीकार होंगे।
13 दिसंबर को होगी समीक्षा, 86 लाख नए वोटर जोड़ने पर नजर
बीजेपी ने अभियान की निगरानी के लिए प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक रिपोर्टिंग व्यवस्था बनाने की तैयारी की है। प्रदेश कार्यालय से रोजाना अभियान की प्रगति पर नजर रखी जाएगी। जिला, मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारियों से व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए रिपोर्ट ली जाएगी। 13 दिसंबर को विधानसभा स्तर पर समीक्षा बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद 14 से 16 दिसंबर तक अभियान में सामने आई कमियों को दूर करने की कोशिश होगी।
बीजेपी का पूरा फोकस अब प्रदेश के 1 लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों पर है। हर बूथ से 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी इस अभियान के जरिए SIR में छूटे पात्र लोगों को मतदाता सूची में शामिल कराने के साथ बूथ स्तर पर अपने संगठन को भी सक्रिय करना चाहती है। अब देखना होगा कि 16 दिसंबर तक पार्टी अपने करीब 86.86 लाख नए मतदाताओं के लक्ष्य को कितना हासिल कर पाती है।



